इज़्ज़त के खातिर किया बहन का कत्ल

कोलकाता, 09 दिसंबर: बहन की हिफाज़त करने वाला भाई कोलकाता में इज्जत के नाम पर अपनी ही बहन का बेरहमी से कत्ल करने का मामला सामने आया है। कातिल भाई सरेआम तलवार से अपनी बहन का सिर धड़ से अलग करने के बाद उसका सिर हाथ में लेकर थाने पहुंच गया। वहां उसने तलवार समेत खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

ज्वाइंट कमिशनर आफ पुलिस ( जुर्म/Crime)पल्लव कांति घोष के मुताबिक नदियाल थाना के इलाका अयूब नगर में जुमा दोपहर को यह वाकिया पेश आया। 22 साला निलोफर बीबी का निकाह आठ साल पहले रवींद्र नगर के रहने वाले अकबर अली (27) से हुआ था। दोनों को एक छह साल का बेटा और चार साल की एक बेटी है। निकाह से पहले निलोफर अयूबनगर के मोहम्मद फिरोज के इश्क में मुब्तिला थी। लेकिन घरवालों के दबाव में उसने अकबर से शादी कर ली।

पुलिस के मुताबिक ससुराल में निलोफर को उसका देवर काफी परेशान करता था। उसने घरवालों से उसकी शिकायत की लेकिन किसी ने ‌कुछ नहीं कहा। इसी बीच परेशान निलोफर अपने आशिक मोहम्मद फिरोज के रब्त में आ गई और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। इस बात की इत्तेला निलोफर के भाई महताब आलम को हुई। 28 अक्टूबर को निलोफर फिरोज के घर चली आई।

इस पर ससुराल वालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नदियाल थाने में लिखवा दी। इसी बीच जुमा को महताब को निलोफर के बारे में इत्तेला मिली। वह तलवार लेकर सीधे फिरोज के भाई के घर पहुंच गया। फिरोज की भाभी शबाना से उसकी झड़प हुई। जिसके बाद उसने निलोफर का गला काटकर कत्ल कर दिया।

अपनी बहन का सिर धड़ से अलग करने के बाद उसका सिर हाथ में लेकर थाने पहुंच गया। वहां उसने तलवार समेत खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस बयान में महताब ने बताया कि बहन ‌को सबक सिखाने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया है।