ईरान में दो नए परमाणु ऊर्जा प्लांट का निर्माण शुरु होगा : सालेही

ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रमुख अली अकबर सालेही ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र अगले कुछ दिन में रूस के सहयोग से 2 परमाणु ऊर्जा प्लांट का निर्माण, शुरु कर रहा है। अली अकबर सालेही ने बुधवार देर रात बताया, “2 नए परमाणु ऊर्जा प्लांट का निर्माण 10 सितंबर से शुरु होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि इसके निर्माण में 10 साल लगेंगे। ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रमुख ने कहा कि इन दो ऊर्जा प्लांट के निर्माण से देश की हर साल 2 करोड़ 20 लाख बैरल तेल की बचत होगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं पर लगभग 10 अरब डॉलर का ख़र्च आएगा। ज्ञात रहे नवंबर 2014 में तेहरान-मॉस्को के बीच ईरान में 8 और परमाणु ऊर्जा प्लांट के निर्माण का समझौता हुआ। रूस इससे पहले ईरान के बूशहर में परमाणु ऊर्जा प्लांट का निर्माण कर चुका है।