उत्तर प्रदेश में सीओ को गोलियों से भूना

प्रतापगढ़, 03 मार्च: उत्तर प्रदेश्‍ा में कुंडा के बलीपुर गांव में हफ्ते के दिन सीओ की देर रात बेरहमी से गोली मार कर कत्ल कर दिया गया। सीओ जियाउल हक ग्राम प्रधान और उसके भाई के कत्ल की खबर पाकर गांव में पहुंचे थे। लेकिन वह प्रधान और मुखालिफ पार्टी के बीच हो रही फायरिंग में घिर गए।

हमलावरों ने सीओ और उनके गनर इमरान को खींच लिया। दौड़ा-दौड़ाकर लाठी और राड से जमकर पीटने के बाद सीओ को गोलियों से भून दिया।

उनके गनर इमरान को भी गोली लगी। देर रात तक गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग, आगजनी और बवाल चलता रहा। सीओ की लाश तलाशने में भी पुलिस को तीन घंटे लगे। कई थानों की फोर्स के साथ आईजी, डीआईजी गांव में कैंप कर रहे हैं। हमलावरों ने सीओ की रिवाल्वर भी लूट ली।

बलीपुर गांव में नन्हें यादव (40) प्रधान था। जुमा के दिन नन्हें का पाल बस्ती के एक लड़के से झगड़ा हुआ था। हफ्ते की रात 8:30 बजे नन्हें चौराहे पर था तभी असलहाधारियों ने हमला कर उसे गोलियों से छलनी कर दिया। ताबड़तोड़ फायरिंग से बवाल मच गया।

गोलीबारी में टाउन एरिया कुंडा के चेयरमैन गुलशन यादव समेत कई जख्मी हो गए। कत्ल के बाद प्रधान का नाश पहुंचा तो बवाल बढ़ गया। प्रधान के परिवारवालों और पाल बस्ती के विरोधी पक्ष के बीच फि र अंधाधुंध फायरिंग होने लगी। हमलावरों ने प्रधान नन्हें के भाई सुरेश यादव (35) की भी गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों पक्षों में आधा घंटे तक फायरिंग चलती रही।

सीओ कुंडा जियाउल हक गनर इमरान के साथ सीधे गांव पहुंच गए। पीछे आ रही फोर्स फायरिंग की वजह से वहीं रुक गई। प्रधान के घर की तरफ गए सीओ फायरिंग में फंस गए। वहां हमलावरों ने सीओ को जमीन पर गिराकर पीटा। बाद में सिर और सीने में गोली मारने के बाद हमलावर शव को घर के पीछे तक खींच ले गए। सीओ और गनर के लापता होने के बाद कोहराम मच गया।

फायरिंग की वजह से फोर्स की हिम्मत गांव में घुसने की नहीं हो रही थी। तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस आगे पहुंची तो सीओ की खून से लथपथ लाश मिली। गनर जख्मी हालत में वहां से निकल गया था। सीओ जियाउल हक देवरिया के रहने वाले थे। गोलीबारी और बवाल में कई दर्जन लोग जख्मी हुए हैं।

यह प्रधान की रंजिश का पुराना मामला है। जिसमें एक पार्टी ने दूसरे पार्टी के जीते हुए प्रधान का कत्ल कर दी। इसी से गुस्सा भड़क उठा और मारे गए प्रधान के बेटे की फायरिंग में सीओ की मौत हो गई है। आरएम श्रीवास्तव, चीफ सेक्रेटरी (होम)

—बशुक्रिया: अमर उजाला