उत्तर प्रदेश में हार से भाजपा का होगा तीन तलाक -सीताराम येचुरी

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी ने आज कहा कि दिल्ली और बिहार में हार के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार के साथ ही भाजपा का ‘तीन तलाक’ हो जाएगा।

येचुरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा ने तीन तलाक के खिलाफ अभियान छेड़ा है। दिल्ली और बिहार की हार के बाद अब उत्तर प्रदेश के अगले चुनाव मे भाजपा को तीन तलाक जैसी स्थिति का सामना करना पड़ेगा।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस के लिए दिल्ली विधानसभा की हार पहला तलाक था। बिहार की हार दूसरा और अब उत्तर प्रदेश में हारने के बाद उसका तीन तलाक हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य भाजपा और उसके सहयोगियों की सांप्रदायिक शक्तियों को सत्ता में आने से रोकना है और धर्म निरपेक्ष ताकतों के साथ मिलकर काम करना है।

येचुरी ने भाजपा और संघ पर आरोप लगाया कि वे हिन्दुत्व वोट बैंक के ध्रुवीकरण के लिए हिंसा फैलाते आये हैं। ‘‘यह वोट बैंक की राजनीति का सबसे खराब स्वरूप है।’’ उन्होंने ‘नोटबंदी’ की तुलना ‘नसबंदी’ से करते हुए कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश का चुनाव किसी भी कीमत पर जीतना चाहती है विशेषकर 2019 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए। इसी वजह से आम आदमी पर नयी समस्याएं थोपी जा रही हैं।

केरल में वामपंथी कैडरों पर हमलों के लिए भाजपा और संघ को दोषी ठहराते हुए येचुरी ने कहा कि संघ और भाजपा हिन्दुत्व के नाम पर हिंसा भड़का रहे हैं। पिछले साल राज्य के विधानसभा चुनाव में एक सीट जीतने के बाद से वे उत्तर केरल में अपना आधार बढाने के लिए भी वे ऐसा कर रहे हैं।