दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के उपराज्यपाल नजीब जंग पर फिर हमला बोला है। उनका कहना है, “उपराज्यपाल और मोदी सरकार ने दिल्ली सरकार के कामकाज में आक्रामक रूप से अड़चनें डालना शुरू कर दी हैं। सभी फाइलों पर अड़ंगा लगाया जा रहा है। मोदी जी उपराज्यपाल के कंधे पर बंदूक रखकर चलाते हैं।’ दिल्ली सरकार की एप आधारित प्रीमियम बस सर्विस पर भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की जांच शुरू होने के बाद केजरीवाल ने ये इल्ज़ाम लगाए हैं। दिल्ली एसेम्बली में ओपोजीशन के लीडर विजेंद्र गुप्ता ने बुध को इस बाबत इल्ज़ाम लगाए थे। उन्होंने कहा था कि केजरीवाल सरकार यह बस सेवा गुड़गांव की एक निजी बस कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए चलाना चाहती है। यह बस सेवा बुध से शुरू की जानी थी। लेकिन उपराज्यपाल जंग ने यह कहकर इस पर रोक लगा दी थी कि उनसे इसकी इजाजत नहीं ली गई।
मोदी अपनी सरकार के दो साल पूरे होने पर ओडिशा के सरहदी शहर बालासोर में एक रैली को खिताब कर रहे थे। उन्होंने कहा, “सरकारें अमीरों के लिए नहीं, गरीबों के लिए होती हैं। उन्हें गरीबी से लड़ने के लिए काम करना चाहिए। समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान खोजे जाने तक गरीबी नहीं हटेगी। मैंने कहा था कि मेरी सरकार मुल्क में गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित है। ऐसा कहने का मेरा मकसद यह था कि कोई रियासत या क्षेत्र विकास में पिछड़ना नहीं चाहिए। संतुलित विकास होना चाहिए। सभी को इसका फायदा होना चाहिए। हमारी सरकार गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार की सभी योजनाओं में गरीबों का ख्याल रखा जा रहा है।’