एक्ट्रेस गीता कपूर को हॉस्पिटल में अकेला छोड़ भाग गया था बेटा, ओल्ड एज होम में शिफ्ट हुई

मुंबई : शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में बेटे के इंतजार में बिलख रही एक्ट्रेस गीता कपूर (58) को फाइनली अंधेरी स्थित ओल्ड एज होम ‘जीवन आशा’ में शिफ्ट कर दिया गया। हालांकि बावजूद इसके गीता अपने घर जाना चाहती हैं। उन्हें अब भी यकीन नहीं हो पा रहा है कि उनका बेटा उन्हें अस्पताल में अकेला छोड़कर भाग गया था। गीता कपूर की फैमिली का कोई मेंबर न होने पर एसआरवी अस्पताल के चीफ डॉक्टर दीपेन्द्र त्रिपाठी ने पर्सनल बॉन्ड साइन कर उनकी सारी जिम्मेदारियों को पूरा किया। अब भी बेटे और फैमिली की राह देख रही हैं गीता…

डॉक्टर दीपेन्द्र त्रिपाठी के मुताबिक, उन्होंने मुझे कसकर पकड़ लिया और मेरा हाथ नहीं छोड़ रही थीं। वो कह रही थीं कि उनकी फैमिली जल्द आएगी और उन्हें यहां से ले जाएगी। शुरू में जब उनके कपड़े बदले गए तो वो काफी खुश थीं। उन्हें लग रहा था कि अब जल्द ही उन्हें घर ले जाया जाएगा।

21 अप्रैल को लो ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद गीता कपूर के बेटे राजा ने गोरेगांव, मुंबई स्थित प्राइवेट अस्पताल SRV में मां को छोड़ा और फरार हो गया। एक महीने से ज्यादा का वक्त बीत गया, लेकिन राजा उन्हें दोबारा देखने के लिए नहीं पहुंचा और न ही फोन पर बात करने को तैयार हुआ।
‘पाकीजा’ (1972) जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं गीता कपूर का उस वक्त रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जब उन्हें पता चला कि उनका कोरियोग्राफर बेटा राजा कपूर उन्हें अस्पताल में अकेला छोड़कर भाग गया।

जब प्रोड्यूसर रमेश तौरानी और एक्टर अशोक पंडित को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने जाकर एक्ट्रेस की खबर ली और अस्पताल के 1.5 लाख रुपए के बिल का भुगतान किया। इसके बाद इन्होंने गीता कपूर को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कराकर ओल्डएज होम भेजने का भी इंतजाम किया।

गीता कपूर के बेटे के खिलाफ हुई एफआईआर…
अशोक पंडित ने बीते दिनों गोरेगांव पुलिस स्टेशन में इस मामले में एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने गीता के बेटे राजा की तलाश शुरू की थी। हालांकि, वह अब तक नहीं मिल पाया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, गीता ने करीब 100 फिल्मों में काम किया है। लेकिन उन्हें ‘पाकीजा’ और ‘रजिया सुलतान’ के लिए ज्यादा जाना जाता है।