एम्बुलेंस चालक को गोली मारने वाला CRPF अफसर सस्पैंड

श्रीनगर – सफाकदल इलाके में एम्बुलेंस चालक पर हमले के खिलाफ एस.एम.एच.एस. अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हमले के लिए जिम्मेदारी सी.आर.पी.एफ. अधिकारी को सख्त सजा देने की मांग की। हालांकि, घटना के तुरन्त बाद सी.आर.पी.एफ. अधिकारी को सस्पैंड कर दिया गया है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

जानकारी के अनुसार सी.आर.पी.एफ. की 78वीं बटालियन के एफ कंपनी के उप निरीक्षक पी.एस. यादव ने गत रात एम्बुलेंस चालक गुलाम मोहम्मद सोफी पर सफाकदल इलाके में फायर किया। चालक की दाहिने बाजु में गोली लग गई जिसके परिणामस्वरुप वह घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई जब चालक मरीजों को कंगन से एस.एम.एच.एस. अस्पताल ला रहा था।

चालक पर हमले के खिलाफ एस.एम.एच.एस. अस्पताल के कर्मचारियों ने अस्पताल के प्रवेश द्वार के पास इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हमारे अस्पताल के वाहनों को सुरक्षाबलों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। यहां तक कि डॉक्टरों को भी नही बख्शा जा रहा है। उन्होंने घटना में शामिल अधिकारी के खिलाफ सख्त सजा की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जवाबदेही की कमी में सी.आर.पी.एफ. कर्मी कानून को हाथ में ले रहे है। अपराधों को अंजाम देकर उनको हौसला बढ़ जाता है। हम सी.आर.पी.एफ. अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं।

इस बीच सी.आर.पी.एफ. प्रवक्ता ने कहा कि अधिकारी को सस्पैंड कर दिया गया है जबकि स्थानीय पुलिस ने उसके खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज कर दिया है।