एसवाइएल को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाएंगे: प्रकाश सिंह बादल

पंजाब: होला मोहल्ला में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के साथ उनकी पार्टी के नेताओं ने  एसवाइएल (सतलुज यमुना लिंक नहर) मुद्दे को उठाते हुए एक सुर में सभी ने कहा कि किसी भी हालात में पंजाब के पानी की सुरक्षा की जाएगी और पानी की एक बूंद भी यहां से बाहर नहीं जाने दी जायेगी। पानी की  जंग का एलान करते हुए मुख्यमंत्री ने  कांग्रेस, कैप्टन अमरिंदर सिंह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साध दिया।  बादल ने कहा कि पानी बचाने के लिए पंजाब के हर आदमी को लड़ाई लड़नी होगी।  2017 विधान सभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए बादल ने संकेत दे दिया है कि वह एसवाइएल को एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनाएंगे।  मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि पंजाब के लोगों का सब कुछ पानी पर ही निर्भर है और रिपेरियन कानून के चलते पंजाब से कोई भी पानी नहीं छीन सकता है। पंजाब पहले ही राजस्थान और हरियाणा को आधा पानी दे चुका है लेकिन  अब और पानी देने की हिम्मत पंजाब के पास नहीं है।