कर्नाटक: फ्लैट से हजारों ‘नकली’ वोटर आईडी कार्ड बरामद, चुनाव से पहले हडकंप

चुनाव से कुछ दिन पहले चुनाव आयोग ने कर्नाटक के बंगलूरू के राज राजेश्वरी नगर के जलाहल्ली में एक फ्लैट से 9,746 वोटर आईडी कार्ड बरामद किए जाने की पुष्टि की है। ये कार्ड कागज में लपेटकर रखे गए थे।

मंगलवार देर रात 11.30 बजे की गई एक प्रेस कांफ्रेंस में आयोग ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। भाजपा का आरोप है कि यह फ्लैट कांग्रेस के एक विधायक का है। पार्टी ने राज राजेश्वरी सीट का चुनाव रद्द करने की मांग की है।

इससे पहले, केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने नकली पहचान पत्र से भरे एक बक्शे का फोटो ट्वीट करते हुए लिखा कि लोकतंत्र पर हमला हुआ है। राज राजेश्वरी नगर बंगलूरू की सबसे बड़ी विधानसभाओं में से एक है। यहां 4.35 लाख वोटर हैं।

2013 के विधानसभा चुनावों में इस सीट से कांग्रेस के मुनिरत्ना ने 37 फीसदी वोट लेकर जीत दर्ज की थी। वह एक बार फिर इस सीट से मैदान में हैं। उनके खिलाफ भाजपा के मुनिराजू गौड़ा लड़ रहे हैं।

भाजपा का आरोप है कि उसके स्थानीय नेता खुद से ऐसे इलाकों का पता लगा रहे हैं। इस बीच, सदानंद गौड़ा ने कहा कि 20,000 आईडी कार्ड, पांच लैपटॉप, एक प्रिंटर और नए मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग के हजारों फार्म बरामद किए गए हैं।