कर्नाटक में लोकसभा की तीन और विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए आज सुबह मतदान शुरू हुआ। इसे प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार के लिए लिटमस टेस्ट माना जा रहा है।
शिवमोगा, मांड्या और रामनगर लोकसभा सीटों और बेल्लारी तथा जमखंडी विधानसभा सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा।
Karnataka: People queue up outside booth no. 50 in Hirepadasalgi village of Jamkhandi to cast their votes for #KarnatakaByElection2018. pic.twitter.com/sWM7AqQjXO
— ANI (@ANI) November 3, 2018
वोटिंग के लिए करीब 6,450 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इन सीटों के लिए कुल 54,54,275 मतदाता पंजीकृत हैं। पांच सीटों के लिए कुल 31 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन और भाजपा के बीच है। वोटों की गिनती मंगलवार को होगी।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि कुल 1,502 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि उपचुनावों के लिए 35,000 से ज्यादा मतदान अधिकारियों को तैनात किया गया है।
इस चुनाव में 8,922 वीवीपीएटी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पांचों सीटों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इससे पहले चुनाव के ठीक दो दिन पहले यानी गुरुवार को भाजपा को उस समय झटका लगा था, जब कर्नाटक के रामनगर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एल. चंद्रशेखर ने भाजपा का साथ छोड़ वापस कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इस संबंध में उन्होंने कहा था कि वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में वापस लौट आए हैं।