कर्नाटक: सिद्धारमैया केबिनेट में भारी फेरबदल, 14 मंत्रियों को हटा 13 नये मंत्री शामिल

बेंगलुरु: तीन साल पुरानी अपनी सरकार की छवि में सुधार का प्रयास करते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आज अपने मंत्रिमंडल में व्यापक फेरबदल कर 14 मंत्रियों को हटा दिया और 13 नए सदस्यों को इसमें शामिल किया। इस फेरबदल के साथ ही मंत्रियों की संख्या 33 हो गयी है जो संवैधानिक सीमा से एक कम है।

कांग्रेस आलाकमान द्वारा इस बहुप्रतीक्षित फेरबदल को हरी झंडी दिखाने के साथ मुख्यमंत्री ने नौ कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्री अपने मंत्रिमंडल में शामिल किए। राज्य में विधानसभा चुनाव में दो साल रह गए हैं और मुख्यमंत्री पर प्रशासन में नयी उर्जा लाने का दबाव था। इस फेरबदल के बाद हटाए गए कुछ मंत्रियों का असंतोष खुल कर सामने आया। वहीं उनके समर्थक हिंसा पर उतारू हो गए। उधर मंत्री बनने की उम्मीद लगाए कई विधायकों ने विधानसभा की सदस्यता छोड़ देने की धमकी दी है।