कला और खेल को सियासी झगड़े से दूर रखना चाहिए- सीताराम येचुरी

नई दिल्ली। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी ने पाक कलाकारों के सवाल पर कहा कि खेल और कला को राजनीतिक झगड़े से दूर रखना चाहिए। उन्होंने कहा अगर कोई आर्टिस्ट और खिलाड़ी कुछ गलत करता है तब उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

साथ ही उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत द्वारा अमेरिका का स्ट्रैटजिक डिफेंस पार्टनर बन जाने के बाद पाकिस्तान ने रुस से नजदीकी बढ़ा ली है और उसके साथ रक्षा समझौते कर रहा है, जिससे कि एक गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। येचुरी के मुताबकि यह पहला मौका है जब भारत का प्रधानमंत्री गुट निरपेक्ष देशों की समिट में न पहुंचा हो। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र देश होने के बावजूद भारत एक गुट में शामिल होने की ओर बढ़ रहा है।

येचुरी ने कहा कि भारत एक मजबूत स्थिति में है। ऐसे में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक और कूटनीतिक दांव चलकर सीमापार आतंकवाद को खत्म करना चाहिए। साथ ही भारत और पाकिस्तान के बीच लाइन ऑफ कंट्रोल पर तनाव नहींं बढ़ना चाहिए।