कश्मीर के शोपियां जिले में चलाया गया व्यापक तलाशी अभियान ख़त्म

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के 20 गांवों में सुरक्षा बलों द्वारा शुरू किया गया व्यापक तलाशी अभियान 8 घंटे के पश्चात गुरुवार दोपहर बाद समाप्त हो गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस अभियान को ‘अभूतपूर्व’ बताया।

 

 

 

 

यह अभियान तड़के सुबह शुरू हुआ। इसमें 3,000 से ज्यादा सैनिक, अर्धसैनिक बल के जवान और पुलिसकर्मी शामिल थे। इन्होंने 20 गावों की तलाशी ली जिसमें तुर्कवांगम और सुगन भी शामिल हैं, जहां हाल के दिनों में आतंकवादी खुलेआम घूमते देखे गए थे।

 

 

 

 

 

अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं व सुरक्षाकर्मियों की हत्या करने वाले व हथियार छीनने और बैंक डकैतियों में शामिल आतंकवादियों की तलाश की।

 

 

 

 

सरकार के सूत्रों ने कहा कि हेलीकॉप्टर और ड्रोन का इस्तेमाल भी अभियान में किया गया। सुरक्षा बलों ने तीन जगहों पर गांव वालों की पत्थरबाजी का सामना किया। तलाशी के दौरान किसी भी गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।