कश्मीर में बुरहान वानी के समर्थकों पाकिस्तान उकसा रहा है- वेंकैया नायडू

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने रविवार को पाकिस्तान पर कश्मीर में मारे गए हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के समर्थकों को उकसाने का आरोप लगाया। नायडू ने साथ ही चेतावनी दी कि पाकिस्तान के रवैये को देखते हुए भारत अपनी नीति पर पुनर्विचार कर सकता है। नायडू ने कहा, “हमारे पड़ोसी से प्रेरित कुछ लोग व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे कुछ हासिल नहीं होगा।”

नायडू ने कहा, “भारत पाकिस्तान के साथ मिलकर काम करने को सहमत है और वह उसके साथ दोस्ती रखना चाहेगा। लेकिन अगर पाकिस्तान ऐसी हरकतें जारी रखेगा तो भारत को अपनी नीति के बारे में सोचना पड़ेगा। पाकिस्तान को ऐसी रणनीतियां छोड़ देनी चाहिए।” नायडू ने जोर देकर कहा कि कश्मीर भारत का एक अभिन्न अंग है और इस मुद्दे पर किसी प्रकार की बातचीत या चर्चा का कोई सवाल नहीं उठता।