कश्मीर में भाजपा अध्यक्ष ने कहा, नया राज्यपाल ‘हमारा बंदा’, वायरल हुआ वीडियो

जम्मू : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू एवं कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रविंदर रैना ने राज्य के नए राज्यपाल सत्यपाल मलिक के बारे में कहा कि वह ‘हमारा बंदा’ है। गुरुवार को वायरल हुए एक वीडियो क्लिप में रविंदर रैना अपने आसपास के लोगों से कहते दिखाई दे रहे हैं, “अब जो गवर्नर आया है, वो हमारा बंदा है।”

रविंदर रैना विधायक भी हैं। पहली बार विधायक बने रैना ने इसी वीडियो में दावा किया है कि पूर्व राज्यपाल एनएन वोहरा को इसलिए हटा दिया गया क्योंकि वह अपने विचारों पर जोर देते थे और भाजपा नेताओं की नहीं सुनते थे।

गौरतलब है कि 23 अगस्त को सत्यपाल मलिक जम्मू कश्मीर के 13वें राज्यपाल के तौर पर शपथ ली थी। उन्होंने राज्य के पूर्व राज्यपाल एनएन वोहरा का स्थान लिया है। इससे पहले सत्यपाल मलिक बिहार के राज्यपाल थे, उनकी जगह वरिष्ठ भाजपा नेता लालजी टंडन बिहार के राज्यपाल बने हैं।