कांग्रेसियों ने लिखा सोनिया गांधी को खून से खत

नई दिल्ली: कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी को कांग्रेसियों ने खून से खुला खत लिखकर प्रमोद तिवारी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने और प्रियंका गांधी को यूपी में प्रचार की कमान सौंपे जाने की मांग की है। इसके साथ उन्होंने नेहरू-गांधी के पैतृक आवास आनंद भवन के सामने प्रदर्शन किया।  सूत्रों के मुताबिक मिली जानकारी से यह बात सामने आई है कि कांग्रेस इस बार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कोई ब्राह्मण चेहरे की तलाश में है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के साथ पार्टी के सीनियर नेता प्रमोद तिवारी और जितिन प्रसाद के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। प्रमोद तिवारी को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से ब्राह्मण वोटों के साथ अन्य जातियों के वोटों का फायदा भी पार्टी को मिल सकता है। पत्र में लिखा गया है कि 2017 में यूपी के विधानसभा के चुनाव के दौरान विरोधी दलों से मुकाबले के लिए स्टार प्रचारक के रूप में प्रियंका गांधी एक दमदार शख्सीयत है। ऐसे दमदार नेता ही जनता को कांग्रेस से जोड़ने का काम कर सकते हैं। वहीं प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे हसीब अहमद और श्रीशचंद्र दुबे ने कहा कि प्रियंका यूपी की सक्रिय राजनीति में आती हैं तो प्रदेश में 28 वर्षों के वनवास के बाद पार्टी को पुन: संजीवनी मिल जाएगी।