कांग्रेस ने आरपीएन सिंह को झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया

रांची। आगामी विधानसभा और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों की तैयारी के तहत कांग्रेस लगातार झारखंड समेत अन्य राज्यों में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिशों में जुटी हुई है। अपनी इसी योजना के तहत झारखंड कांग्रेस में नयी ऊर्जा का संचार करने के लिए यूपीए-2 सरकार में गृह राज्य मंत्री रहे यूपी के युवा नेता आरपीएन सिंह को पार्टी अालाकमान ने प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है।

मेन्युअल हक और उमंग सिंह को झारखंड में सचिव पद की जिम्मेदारी दी गयी है। हक पहले से ही कांग्रेस में सचिव रहे हैं। उमंग यूथ कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। झारखंड के रिटायर्ड आइपीएस अधिकारी अरुण उरांव को छत्तीसगढ़ में सचिव बनाया गया है।

वह इस राज्य के नये प्रभारी पीएल पूनिया के साथ पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। अरुण उरांव के अलावा कमलेश्वर पटेल को भी छत्तीसगढ़ का सचिव बनाया है।

अरुण उरांव आदिवासी समुदाय से आते हैं और पार्टी को उम्मीद है कि वह आदिवासियों के मुद्दों को बेहतर तरीके से उठा सकेंगे। आदिवासी समुदाय में पार्टी की पैठ बनाने में मददगार साबित होंगे।

पंजाब कैडर के धाकड़ पुलिस अधिकारी माने जानेवाले अरुण उरांव एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके ससुर कार्तिक उरांव झारखंड कांग्रेस के बड़े नेता रहे हैं। उनकी पत्नी गीताश्री उरांव भी झारखंड सरकार में मंत्री रह चुकी हैं।