राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के तौर एक साल पूरा कर लिया है। आज ही के दिन उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया था। एक साल पूरे होने के दिन ही राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना के चुनाव के नतीजे आ रहे हैं।
शुरुआती रुझाने में कांग्रेस को बढ़त मिल रही है। रुझानों के अनुसार कांग्रेस पांच में से तीन राज्यों में सरकार बनाती हुई नजर आ रही है। अगर कांग्रेस भाजपा को पस्त कर सत्ता पर काबिज होती है तो यह कांग्रेस के लिए 2019 से पहले किसी संजीवनी से कम नहीं है।
साथ ही यह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए भी ‘जन्मदिन’ का तोहफा हो सकता है। बता दें कि कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा है कि राहुल गांधी आज ही के दिन पार्टी अध्यक्ष बने थे। नतीजे उनके लिए तोहफा हैं।
रुझानों को देखें तो मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 15 साल के भाजपा शासन के बाद कांग्रेस जीत के करीब जाती दिख रही है। राजस्थान में भी कांग्रेस सत्ता पर काबिज हो सकती है। वहीं तेलंगाना और मिजोरम में कांग्रेस भाजपा को पस्त करती हुई नजर आ रही है।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को 2019 के लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी को पहले ही जन्मदिन का तोहफा मिल सकता है।
राहुल गांधी ने राजनीति में 2004 में प्रवेश किया था। उस वक्त वे अमेठी से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। बाद में राहुल गांधी को 2007 में कांग्रेस में संगठन महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान कांग्रेस 10 साल तक सत्ता में रही, लेकिन राहुल कभी भी मनमोहन सिंह की कैबिनेट में शामिल नहीं रहे और वे पार्टी के मोर्चे से ही राजनीति करते रहे।