कांग्रेस JDS साथ मिलकर लड़ेगी 2019 लोकसभा चुनाव, हो गया ऐलान!

कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन में पिछले कई दिनों से चल रहे विभाग बंटवारों पर सस्पेंस खत्म हो गया है। कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के बीच मंत्रिमंडल बंटवारों का ऐलान कर दिया गया है। गृह और सिंचाई, मेडिकल और खनन विभाग कांग्रेस के पास रहेगा।

वही वित्त, सूचना, बिजली, पर्यटन और PWD विभाग जनता दल सेक्युलर के खाते में जाएगा। 6 जून को कुमारस्वामी कैबिनेट का विस्तार होगा। साथ ही कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन ने 2019 का चुनाव साथ लड़ने का भी ऐलान कर दिया है। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार के साथ-ही हम (कांग्रेस-जेडीएस) 2019 का आम चुनाव एक साथ लड़ेंगे।

इससे पहले कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने एक वेबसाइट को बताया कि हमारा फोकस केवल विभागों के बंटवारे पर नहीं है। हम लोकसभा चुनाव भी साथ लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि गठबंधन को मजबूत बनाने और दोनों दलों में बेहतर तालमेल के लिए एक को-ऑर्डिनेशन कमिटी के साथ ही कॉमन मिनिमम प्रोग्राम बनाने जा रहे हैं।

जेडीएस महासचिव दानिश अली के मुताबिक, सभी मसलों को सुलझाकर गठबंधन सरकार को पांच साल तक कांग्रेस समर्थन देने के लिए राजी है और यह फैसला लिखित रूप में ऐलान किया जाएगा। इसके अलावा दोनों दलों के बीच यह भी सहमति बन गई है कि पांच साल तक कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बने रहेंगे।