कासगंज के मुसलमान अब निकालेंगे तिरंगा यात्रा, पुलिस के हाथ पांव फुले

आगरा। उत्तर प्रदेश के कासगंज में हुई हिंसा के बाद मुस्लिम संगठन ने आगरा में तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है। इस ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए। रात्रि में ही तिरंगा यात्रा का कार्यक्रम करने वाले नेताओं के यहां पुलिस ने नोटिस चस्पा कर दिया।

पुलिस गिरफ्तारी की अफवाह से ये नेता अपने घरों से फरार हो गए। इस यात्रा की मुख्य आयोजक शबाना खंडेलवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा जरूर निकाली जाएगी।

कांग्रेस नेत्री शबाना ने बताया कि ये कोई राजनीतिक प्रोग्राम नहीं है, इसलिए पार्टी को भी इस आयोजन से दूर रखा गया है। पार्टी इसकी जो भी सजा दे, उससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। ये तिरंगा यात्रा उन लोगों के लिए कड़ा जवाब होगी, जो कासगंज हिंसा में मुस्लिमों की देशभक्ति पर बड़ा सवाल उठा रहे थे।

शबाना ने बताया कि मुसलमान इस देश में पूरी निष्ठा के साथ रह रहे हैं और उन्हें भी इस देश से उतना ही प्रेम है, जितना प्रेम अन्य धर्म के लोगों को है।

शबाना खंडेलवाल ने बताा कि तिरंगा यात्रा निकालने के लिए प्रशासन से मंजूरी की मांग की गई है। उन्होंने बताया अनुमति के लिए पत्र डीएम ऑफिस को भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह तिरंगा यात्रा संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक से शुरू होनी है, जो एमजी रोड पर शांति पूर्वक निकाली जाएगी।

उधर आगरा पुलिस के अधिकारियों ने दावा किया कि उन्हें अभी तक डीएम कार्यालय से किसी भी तरह के मार्च के बारे में जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। एसपी सिटी कुंवर अनुपम ने कहा अभी तक हमें इस प्रकार की कोई भी जानकारी नहीं मिली है।