किंग खान के नाम एक और उपलब्धि, दिल्ली के मैडम तुसाद में लगा मोम का पुतला

सबके दिलों पर राज करने वालेबॉलीवुड किंग शाहरुख खान का पुतला कनॉट प्लेस स्थित मैडम तुषाद संग्रहालय में लगा दिया गया है। बुधवार को एक कार्यक्रम में पुतले का अनावरण किया गया।

यह उनका दूसरा पुतला है।इससे पहले लंदन स्थित संग्रहालय में उनका पुतला लगाया जा चुका है। दिल्ली के संग्रहालय में शाहरुख का पुतला उनके सिग्नेचर पोज में लगाया गया है। यानी वह दोनों हाथ फैला कर आपका स्वागत करेंगे।

मर्लिन एंटरटेनमेंट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक व निदेशक अंशुल जैन ने कहा, दुनिया भर में उनके प्रशंसकों को देखते हुए और क्योंकि वह एक लोकप्रिय सितारे हैं और उन्हें हर कोई पसंद करता है, दिल्ली के मैडम तुसाद में शाहरुख खान का पुतला लाना हमारी पसंद थी।

उन्होंने कहा, घोषणा का रोमांचक हिस्सा यह है कि ये उनका दूसरा पुतला है, जिसे विशेष रूप से भारतीय प्रशंसक परिवार/दर्शकों/आगंतुकों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। मुझे दुनियाभर से प्रशंसकों की उपस्थिति की उम्मीद है।

शाहरुख के पुतले को पारंपरिक परिधान शेरवानी पहनाया गया है। हालांकि, पांच अप्रैल से इसे दर्शकों के लिए खोला जाना था। लेकिन प्रशंसकों की संख्या देखते हुए इसे बुधवार से ही खोल दिया गया।