कुरान ही नहीं बाइबिल भी पढ़ता है रकीबुल, वालिदा बोली- मैं मुस्लिम नहीं हूं

रंजीत सिंह कोहली उर्फ रकीबुल हसन खान की वालिदा कौशल्या रानी कोहली उर्फ कौसर परवीन ने कहा है कि वह हिंदू है और उसके शौहर हरनाम सिंह भी हिंदू थे। उन्होंने कभी भी मजहब तब्दील नहीं किया है। कौशल्या रानी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। मंगल की रात गिरफ्तार कौशल्या और उसके बेटे रकीबुल को रांची पुलिस बुध की शाम पौने आठ बजे तैयारे से रांची ले आई। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दोनों मुल्जिमान को पुलिस नामकुम थाना ले गई। दोनों से पूछताछ की जा रही है। दोनों को तीन दिन के लिए ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। नामकुम थाना में बैठी 80 साला कौशल्या रानी कोहली ने सहाफ़ियों से साथ लंबी बातचीत की।

जब पूछा गया कि दिल्ली में पुलिस ने कहां से गिरफ्तार किया है, तो कहा कि बेटा पहली बार दिल्ली गई थी। इसलिए नहीं पता कहां रखा गया था। पुलिस ने उनके बेटा रंजीत को भी पकड़ा है। क्या इल्ज़ाम है, के सवाल पर कहा कि पता नहीं बेटा। शायद बहू ने मारपीट का इल्ज़ाम लगाया है। क्या आप बहू तारा को अपने साथ रखेंगी। इस पर कहा कि सवाल ही पैदा नहीं होता। दिल्ली कब गई थी, पूछने पर कहा कि 24 अगस्त को प्लेन से ही दिल्ली गई थी। उनके साथ उनकी नौकरानी हरिमति और पामेरियन कुत्ता भी था। दोनों कहां हैं, पर कहा कि हरिमति और कुत्ता कार से सड़क रास्ते से रांची आ रहे हैं।

मजहब तब्दील का क्या मामला है

कौशल्या रानी ने कहा कि मजहब बदलने का कोई मामला नहीं है। मेरा बेटा तमाम मजहबों का इज्ज़त करता है। वह कुरान के साथ-साथ बाइबल और वेद भी पढ़ता है। आखिर तारा ऐसा इल्ज़ाम क्यों लगा रही है। इसके जवाब में कौशल्या ने कहा कि तारा घर में न तो नाश्ता बनाती थी और न ही खाना। मेरे कहने पर भी कोई काम नहीं करती थी। मेरा बेटा उसे उसकी मौसी से बात करने से मना करता था, पर उसका उल्टा करती थी। इस बात पर रंजीत ने उसे एक झापड़ मारा भी था। उसके बाद से दोनों में बातचीत बंद हो गई थी। जब हम बीच-बचाव करने गए तो रो रही थी। उसने हमसे भी बात करना बंद कर दिया था।