केजरीवाल की मोदी को गुजारिश: औरतों को गालियां देने वालों को ट्विटर से करें अनफॉलो

नई दिल्ली: डॉ. बी आर अम्बेडकर की 125वीं जयंती पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से कुछ बातों पर अमल करने का अनुरोध किया है।  ‘पांच बातों’ को लेकर केजरीवाल ने कहा है मैं अनुरोध करता हूँ कि मोदी इन बातों का पालन करें, यह पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ा तोहफा होगा। केजरीवाल ने इन पांच बातों को जनता के सामने रखा।

1. मोदी को अपने ट्विटर पर उन लोगों को अनफॉलो करना चाहिए जो लोग औरतों को गालियां देते हैं और उन्हें बुरा भला कहते हैं।

2.  जो नेता रोहित की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार है, उसे कैबिनेट से निकाल बाहर कर देना चाहिए। रोहित को न्याय मिलना चाहिए।  केजरीवाल ने कहा  कि कांग्रेस का आरोप है कि रोहत को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और बंडारू दत्तात्रेय के दबाव में प्रताड़ित किया गया था।

3. निर्वाचित राज्य सरकारों को गिराना बंद कीजिए। चुनाव में खड़े होकर ईमानदारी से जीत दर्ज कीजिए। इस मांग से केजरीवाल का  इशारा पिछले महीने उत्तराखंड में सरकार के गिरने और राष्ट्रपति शासन लागू होने वाली घटना की तरफ था।

4.  दिल्ली सरकार को काम करने दीजिए। दिल्ली के लोग सरकार से खुश हैं।

5.  मुख्यमंत्री की आखिरी मांग ‘भारत माता की जय’ नारे से उठे विवाद से संबंधित थी। केजरीवाल ने कहा उन बदमाशों को रोकिए जो लोगों को  ‘भारत माता की जय’ न बोलने पर पीट रहे है।