केरल के आयकर दाताओं के लिए आयकर रिटर्न भरने की बढ़ी तारीख

केरल में गम्भीर बाढ़ के चलते उत्पन्न व्यवधान को देखते हुए केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने केरल के आयकर दाताओं के लिए एक बार फिर आयकर रिटर्न की देय तिथि बढा दी है ताकि केरल के लोग 31 अगस्त, 2018 से 15 सितंबर, 2018 तक आयकर रिटर्न भर सकें।

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने इससे पहले आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तारीख 31 जुलाई, 2018 को बढ़ाकर 31 अगस्त, 2018 कर दिया है।

अगस्त 2018 में भारतीय राज्य केरल में मानसून के दौरान अत्यधिक वर्षा के कारण बाढ़ आ गयी। यह केरल में एक शताब्दी में आयी सबसे विकराल बाढ़ थी, जिसमें अबतक 373 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, तथा 2,80,679 से अधिक लोगों को विस्थापित होना पड़ा।

राज्य के सभी 14 जिलों को हाई एलर्ट पर रखा गया था। केरल सरकार के अनुसार राज्य की 1/6 जनसंख्या बाढ़ से सीधे तौर पर प्रभावित हुई है। केन्द्र सरकार ने इस त्रासदी को स्तर तीन की आपदा घोषित किया है।

अत्यधिक वर्षा व बाढ़ के कारण राज्य के इतिहास में पहली बार 42 में से 35 बांधों को खोल दिया गया है तथा 26 सालों में पहली बार इदुक्की बांध के सभी पाँच द्वारों को खोला गया है। इस कारण से पर्वतीय जिले, वयनाड का सम्पर्क राज्य के अन्य हिस्सों से पूरी तरह से कट गया था।