कैराना उपचुनाव: गठबंधन की उम्मीदवार तबस्सुम हसन रखती हैं मजबूत पकड़!

उत्तर प्रदेश के कैराना लोकसभा सीट पर आज लोकसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। यह सीट काफी चर्चित है यहां मुकाबला भाजपा की मृगांका सिंह और राष्ट्रीय लोकदल की तबस्सुम हसन के बीच है।

चूंकि तबस्सुम को कांग्रेस, बसपा, सपा और अन्य दलों का भी समर्थन प्राप्त है, इसलिए यह कहा जा सकता है कि मुकाबला भाजपा और विपक्ष के बीच है। दोनों प्रत्याशी महिला हैं और दोनों ही कैराना के प्रमुख राजनीतिक घरानों से आती हैं।

राष्ट्रीय लोकदल की उम्मीदवार तबस्सुम हसन का परिवार राजनीति में अपनी पैठ पूरी मजबूती से जमा चुका है। यहां तक की उनकी तीसरी पीढ़ी भी राजनीति में जम चुकी है।

2009 में तबस्सुम हसन बसपा के टिकट पर कैराना लोकसभा सीट से सांसद चुनी गयीं थी। जबकि उनके पति मुनव्वर हसन कैराना से दो बार विधायक, दो बार सांसद, एक बार राज्यसभा के और एक बार विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं।

तबस्सुम हसन और मृगांका सिंह दोनों का ही परिवार कैराना में काफी प्रतिष्ठित है। कैराना में हिंदू और मुसलमानों के बीच हुए सांप्रदायिक विवाद के बाद मृगांका सिंह के परिवार से मुसलमानों का मोहभंग हुआ है, हालांकि उससे पहले हुकुम सिंह को मुसलमानों का भी समर्थन प्राप्त था।