क्या कांग्रेस को पंसद नहीं आया प्रशांत किशोर का आइडिया

नयी दिल्ली। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी या उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के प्रशांत किशोर के प्रस्ताव को कांग्रेस ने खारिज कर दिया है लेकिन प्रशांत किशोर इससे डिगे नहीं हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशांत ने यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के सामने जीत का नया फॉर्मूला पेश कर दिया है अब देखना है कि पार्टी उनकी राह पर कितनी आसान होती है।

सूत्रों के मुताबिक यदि राहुल या प्रियंका को कांग्रेस आगे नहीं करती है तो प्रशांत किशोर ने कांग्रेस को सीएम पद के लिए एक ऐसा ब्राह्मण नेता चुनने को कहा जो कि प्रदेश का नहीं हो और वोटरों एवं जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में जोश भर सके।

वहीं दूसरी ओर , कांग्रेस को उम्मीद है कि राहुल गांधी इस साल पार्टी के अध्यक्ष का पद संभालेंगे। पार्टी ने वस्तुत: उन खबरों को खारिज करने के दौरान यह बात कही जिनमें कहा गया है कि राहुल को 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश किया जाएगा।