गर्लफ्रेंड पर लगाया स्पर्म ‘चुराने’ का इल्ज़ाम

वॉशिंगटन, 03 मार्च : अमेरिका में चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। मामला किसी सामान की चोरी का नहीं स्पर्म की चोरी का है। अमेरिका में एक शख्स ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड पर बच्चा पाने के लिए उसके स्पर्म चुराने का इल्ज़ाम लगाया है।

लेन हार्डिन नामी इस शख्स का इल्ज़ाम है कि उसकी एक्स गर्लफ्रेंड टॉबी डेवल ने प्रेग्नेंट होने के लिए स्पर्म बैंक में जमा उसके स्पर्म का इस्तेमाल किया। इसके लिए उसकी इजाजत नहीं ली गई। उसने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड और फर्टिलिटी क्लिनिक पर केस करने की चेतावनी दी है।

हार्डिन के वकील ने बताया कि उसकी एक्स गर्लफ्रेंड ने उससे ब्रेकअप का बदला लेने के मकसद से यह सब किया। वकील के मुताबिक डेवल ने स्पर्म बैंक से हार्डिन के स्पर्म हासिल करने के लिए धोखाधड़ी का सहारा लिया। उन्होंने स्पर्म बैंक पर लापरवाही बरतने का इल्ज़ाम आइद किया।

दरअसल डेवल का बच्चा अब दो साल का हो चुका है। अमेरिकी कानून के मुताबिक हार्डिन को इस बच्चे की जिम्मेदारी उठाने को कहा जा सकता है।