गुजरात चुनाव में कांग्रेस की महिला टीम करेगी डोर- टू- डोर कैंपेन

अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। एक तरफ जहां बीजेपी 1 अक्टूबर से गुजरात गौरव यात्रा की शुरुआत कर रही है, वहीं कांग्रेस ने राहुल गांधी की यात्रा के बाद अब नया दांव खेलने का प्लान तैयार किया है।

गुजरात में कांग्रेस ने महिला वोटरों को लुभाने की योजना पर काम करना शुरु कर दिया है। जिसके तहत महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर महिला कांग्रेस दाहोद जिले से चुनावी कैंपेन का आगाज कर रही है।

महिला वोटरों के बीच पार्टी का संदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी पांच महिला नेता निभाएंगी। ये पांच नेता गुजरात के ही अलग-अलग क्षेत्रों से होंगी। कैंपेन के दौरान महिला नेताओं का ये ग्रुप सूबे के कई जिलों में जाएगा और ये नेता जनसभाओं को संबोधित करेंगी।

जनसभाओं के अलावा डोर-टू डोर कैंपेन के जरिए महिलाओं को सीधे संबोधित किया जाएगा। महिला कांग्रेस विंग की अध्यक्ष सुष्मित देब ने बताया कि गुजरात में महिलाओं के लिए महिलाएं ही अभियान चलाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान का पूरा फोकस महिला वोटरों के बीच जाकर संवाद बनाना है।