गुजरात चुनाव: 93 सीटों के लिए आखरी चरण की वोटिंग जारी

अहमदाबाद। गुजरात में आज जिन 14 जिलों की 93 सीटों पर वोटिंग हो रही है उसमें से 53 सीटें उत्तरी गुजरात और 40 सीटें मध्य गुजरात में हैं। जहां कई सियासी दिग्गज मैदान में हैं। कई जगहों पर आर-पार का मुकाबला है। कौन-कौन से वीआईपी उम्मीदवार किन सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस पर डालते हैं एक नज़र।

1. गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल मेहसाणा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

2. विजय रूपाणी सरकार में श्रम मंत्री दिलीप ठाकोर चाणस्मा विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां से कांग्रेस के रघुभाई देसाई मैदान में हैं।

3. रूपाणी सरकार में कानून मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा वटवा विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जडेजा के खिलाफ कांग्रेस ने नचिकेत पटेल को उतारा है।

4. सूबे के मौजूदा शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चूडास्मा नौंवी बार धोलका विधानसभा सीट से मैदान में उतरे हैं।

5. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विधानसभा सीट रही मणिनगर से कांग्रेस ने युवा चेहरे श्वेता ब्रह्मभट्ट को मैदान में उतारा है।

6. राधनपुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर युवा ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर मैदान में हैं।

7. बीजेपी ने ओबीसी बहुल राधनपुर में अल्पेश ठाकोर के खिलाफ लविंगजी ठाकोर को मैदान में उतारा है।

8. जिग्नेश मेवानी वडगाम विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने यहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है।

सभी 93 विधानसभा क्षेत्रों पर ओबीसी, पाटीदार, राजपूत और आदिवासी वोटरों का दबदबा है।