अहमदाबाद। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हम गुजरात विधानसभा चुनाव जीतने के बाद बदला नहीं लेंगे, गुजरात को बदलेंगे। उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की नवसर्जन गुजरात यात्रा के चौथे चरण के दूसरे दिन बनासकांठा जिले के अंबाजी में रविवार सुबह जनसभा में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि गुजरात में विकास पागल हुआ है, यह हकीकत है। गुजरात में कांग्रेस आम लोगों की सरकार बनाएगी। कांग्रेस आई. टी. सेल के कार्यकर्ताओं को भी राहुल ने संबोधित किया।
पालनपुर में बच्चों को चाकलेट भी बांटी। सभा में उन्होंने पाटीदार अनामत आंदोलन समिति की टोपी भी पहनी। उन्होंने कहा कि गुजरात में 22 साल से भाजपा की सरकार है और यहां के लोग दुखी हैं।
बाढ़ में 500 करोड़ की घोषणा की लेकिन लोगों को पैसा नहीं मिला, केवल भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला। मनरेगा में कांग्रेस ने 35 हजार करोड़ रुपए दिए।