गोलगप्पे के पानी में मिलाता था टॉइलट क्लीनर, 6 महीने की हुई जेल

अहमदाबाद। क्या आप पानी पूरी (गोलगप्पे) खाने का शौक रखते है? अगर हां, तो यह खबर आपके लिए है। अहमदाबाद का एक पानी पूरी वाला पानी का स्वाद बढाने के लिए जो करता था उसे सुनकर शायद आप बाहर पानी पूरी खाना छोड़ दे।

दरअसल, अहमदाबाद के लाल दरवाज़ा इलाके में एक पानी पूरी वाला, पानी का स्वाद बढ़ाने के लिए उसमे टॉयलेट क्लीनर मिलाता था। वहाँ की एक अदालत ने उसे 6 महीने की सज़ा सुनाई है।

एक अंग्रेजी अख़बार की खबर के अनुसार साल 2009 में अहमदाबाद म्युनिसिपल कारपोरेशन ने पानी पूरी बेचने वाले चेतन नानाजी मारवाड़ी के खिलाफ वहां की विशेष अदालत में मामला दर्ज किया था। चेतन पर स्थानीय लोगों ने नगर निगम ने शिकायत दर्ज की थी। लोगों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने पानी का सैंपल लिया और जांच के लिए भेजा।

गोलगप्पे के पानी में ऐसा ऐसिड मिला जो टॉइलट क्लीनर में इस्तेमाल किया जाता है। गोलगप्पे के पानी में मिलावट की रिपोर्ट मिलते ही आरोपी चेतन के खिलाफ मिलावट का केस दर्ज किया गया।