गोवा: कांग्रेस के एक और नेता ने पार्टी छोड़ी, कहा- ‘राहुल गांधी को अपना नेता नहीं मान सकता’

पणजी। गोवा में जीत के बावजूद पहले कांग्रेस पार्टी के हाथ से सरकार की संभावना जाती रही, अब उसके केंद्रीय नेतृत्व पर ही सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस के और नेता ने पार्टी छोड़ दी और राहुल गांधी को ही अपना नेता मानने से इनकार कर दिया। इससे पहले कांग्रेस के एक विधायक विश्वजीत राणे ने कांग्रेस से बगावत कर दी और पार्टी व्हिप के बावजूद शक्ति परीक्षण में हिस्सा नहीं लिया।

कांग्रेस से बगावत करने वाकले नेता का नाम सैवियो है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देते हुए कहा, मैं राहुल गांधी को अपने नेता के तौर पर स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, कांग्रेस उपाध्यक्ष हार की जिम्मेदारी नहीं ले रहे हैं। दिग्विजय हार (गोवा में) के लिए जिम्मेदार हैं। बता दें कि दिग्विजय सिंह गोवा में कांग्रेस पार्टी के प्रभारी हैं। राज्य में कुल 40 विधानसभा सीटें हैं।

कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 17 सीटें जीती थी । लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर पर्रीकर के नेतृत्व में 13 सीटें जीतने वाली भाजपा ने महाराष्ट्रवादी गोमान्तक पार्टी, फारवर्ड पार्टी और निर्दलीय के सहयोग से 22-16 से बहुमत हासिल कर लिया। कांग्रेस के विधायक विश्वजीत राणे ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया।

दिग्विजय सिंह ने भाजपा द्वारा शक्ति परीक्षण हासिल करने की आलोचना की है। उन्होंने भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप भी लगाया है। ट्वीट कर उन्होंने कहा, गोवा में गवर्नर की भूमिका को लेकर वे संसद में सवाल उठाएंगे। इस मुद्दे को राष्ट्रपति के सामने भी रखेंगे। उधर, मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर ने सदन में कांग्रेस की हार के लिए दिग्विजय सिंह पर आरोप मढ़ा।