घरेलू क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने वसीम जाफर, 11,000 रन बनाकर इतिहास रचा

घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने वाले वसीम जाफर ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वे रणजी ट्रॉफी में 11,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने बुधवार को यह रिकार्ड अपने नाम किया। जाफर के नाम पर रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक 37 शतक और 81 अर्धशतक भी दर्ज हैं।

वसीम जाफर ने रणजी ट्रॉफी 2018-19 में विदर्भ की ओर से खेलते हुए बड़ौदा के खिलाफ 153 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस शानदार पारी के दौरान रणजी ट्रॉफी में 11,000 रन भी पूरे किए।

वे जब इस मैच में उतरे, तब वे 11,000 रन के ऐतिहासिक आंकड़े से 97 रन दूर थे। रणजी ट्राफी में जाफर के बाद सबसे अधिक रन मुंबई के उनके पूर्व साथी अमोल मजमूदार (9202) ने बनाए हैं। मध्य प्रदेश के देवेंद्र बुंदेला (9201) तीसरे नंबर पर हैं।

वसीम जाफर ने इस बीच फैज फजल (151) के साथ 300 रन की साझेदारी की। यह चौथा मौका है, जब उन्होंने रणजी ट्रॉफी में 300 या इससे अधिक रन की साझेदारी की। जाफर ने इस मामले में विजय हजारे के रिकॉर्ड की बराबरी की। वसीम जाफर इस साल रणजी ट्रॉफी में तीसरा मुकाबला खेल रहे हैं।

वे टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने के रिकॉर्ड से महज पांच मैच दूर हैं। 145 रणजी मुकाबले खेलने का यह रिकॉर्ड मध्य प्रदेश के देवेंद्र बुंदेला के नाम है।

साभार- ‘ज़ी न्यूज़’