रांची : हरियाणा में गिरफ्तार जमशेदपुर के अब्दुल सामी के साथ चतरा का अबु सुफियान भी ट्रेनिंग लेने पाकिस्तान गया था। सामी से पूछताछ के दौरान यह जानकारी जमशेदपुर आई दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस को मिली है। अबु सुफियान की तलाश का जिम्मा झारखंड एटीएस को सौंपा गया है। झारखंड एटीएस की टीम जुमेरात को रांची से डीएसपी बहामन टुटी की कियादत में जमशेदपुर पहुंची। टीम में तीन मेम्बर हैं।
अलकायदा के झारखंड लिंक की तहकीकात का जिम्मा डीएसपी टुटी को दिल्ली सेल ने सौंपा है। दोनों टीमें मुकामी इंटलीजेंस ब्यूरो के अफसरों के साथ धतकीडीह के बी ब्लॉक वाक़े सामी के घर जुमेरात को फिर पहुंचीं। सामी के कमरों में रखे सामानों की बारीकी से जांच की गई। वहां एक बॉक्स मिला है, जिसमें कई दस्तावेज थे।
बुध को ही सामी का पासपोर्ट दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम को कपाली में मिल गया था। पासपोर्ट सरायकेला-खरसावां जिले का बना हुआ है। उसमें सामी के उड़ान के बारे में पूरी जानकारी है।
सामी जनवरी 2014 में दुबई गया था। वहां छह दिन रहने के बाद वहां से निकल गया। इसके बाद पासपोर्ट में 10 महीने के बाद मलेशिया की इंट्री है। जांच एजेंसी से मिली जानकारी के मुताबिक इस दौरान वह पाकिस्तान में ट्रेनिंग ले रहा था। ट्रेनिंग पूरा करने के बाद वह मलेशिया गया और वहां से भारत लौटा। ट्रेनिंग लेने वालों में चतरा का अबु सुफियान था। सुफियान भी अब्दुल रहमान कटकी के ज़रिये ही ट्रेनिंग लेने पाकिस्तान गया था।
अब्दुल सामी के बारे में अभी तक दिल्ली पुलिस की खुसूसी टीम के इंस्पेक्टर प्रमोद चौहान और राजवीर सिंह मुकामी पुलिस के साथ जांच कर रहे थे। झारखंड एटीएस और आईबी के करीब 10 अफसर अलकायदा के जमशेदपुर लिंक की जांच में जुटे हैं।
कई लोग हैं, जिनके बारे में दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम से जानकारी मिली है। वे लोग कार्रवाई कर रहे हैं। सामी से जुड़े लोगों के बारे में जांच जारी है।
बहामन टुटी, डीएसपी, एटीएस झारखंड