चर्च के पादरियों ने महिला का किया 380 बार यौन शोषण, आरोपी पादरी को हटाया गया!

केरल के चर्च में 5 पादरियों द्वारा एक महिला का यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। यौन उत्पीड़न का मामला उजागर होने के बाद आरोपी पादरियों को पद से हटा दिया गया है।

यौन उत्पीड़न का यह मामला केरल में कोट्टायम शहर के मलंकरा ऑर्थोडॉक्‍स सीरियन चर्च का है। थिरुवल्ला में रहने वाली पीड़ित महिला के पति ने एक ऑडियो क्लिप शेयर की है, जिसमें पूरी घटना के बारे में बताया है।

पीड़िता के पति ने इस मामले की जानकारी मलंकारा ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च को दी, जिसके बाद आरोपी पादरियों को उनके पद से हटा दिया गया है, हालांकि अभी तक उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है।

अपने शिकायत में पीड़िता के पति ने कहा है कि एक पादरी ने उसकी पत्नी का 380 बार यौन शोषण किया। पीड़िता के पति ने इस ऑडियो क्लिप में अपनी और पत्नी की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

महिला के पति ने आरोप लगाया है कि आरोपी पादरियों ने चर्च में ईश्‍वर के समक्ष पाप स्‍वीकार (कंफेशन) करने आयी महिला के साथ यौन उत्‍पीड़न किया गया।

इन पादरियों ने महिला की स्‍वीकारोक्ति का इस्‍तेमाल ब्‍लैकमेल करने के लिए किया। चर्च के नियमों के मुताबिक, कोई भी पादरी कंफेशन के बारे में किसी को बता नहीं सकता है, लेकिन पादरी ने उनकी पत्नी को ब्लैकमेल किया।

महिला के पति ने कहा कि उसने नीरानाम धर्म प्रांत के अध्‍यक्ष के पास 7 मई को शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन चर्च आरोपियों के खिलाफ ऐक्‍शन लेने में देरी कर रहा है।

पीड़ित महिला के पति ने दावा किया कि उनके पास दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पर्याप्‍त सबूत हैं। उन्‍होंने बताया कि तीन पादरी निरानाम धर्म प्रांत के हैं और एक दिल्‍ली तथा एक थुमपामोन धर्मप्रांत का है।

केरल में पिछले कुछ दिनों से एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रहा है जिसमें महिला का पति पूरी घटना के बारे में बता रहा है। इस क्लिप में वह बता रहे हैं कि आरोपियों में से एक पादरी ने तो शादी के पहले ही उनकी पत्‍नी के साथ यौन उत्‍पीड़न किया। शादी के बाद भी पादरी ने उनकी पत्‍नी के साथ यौन दुर्व्‍यवहार किया।