चलती ट्रेन में दोस्ती, प्यार और फिर शादी

टूंडला , 12 दिसंबर: दिल्ली से चलते वक्त वो दोनो अजनबी थे, सिर्फ डेढ़ घटे के सफर के दौरान दोनो को फिल्मी अंदाज में एक दूसरे से इश्क हो गया। साथ में जीने-मरने की कसमें खाई और दोनों ने चलती ट्रेन में शादी का फैसला भी कर लिया। लड़के ने लड़की की मांग में सिंदूर भर दिया और साथ मे सफर कर रहे मुसाफिर इस शादी के गवाह भी बन गए। चलती ट्रेन में शादी की खबर पर टूंडला पर मीडिया वालों का जमघट लगा तो ट्रेन में शादी करने वाले ये दोनो जोड़ा सीट के नीचे छिप गए।

फिल्मी कहानी जैसी यह लव स्टोरी परवान चढ़ी पूर्वा एक्सप्रेस के एस-थ्री कोच में। दिल्ली से ट्रेन रवाना हुई तो ट्रेन में एक लड़के की एक लड़की से बातचीत शुरू हो गई। कुछ स्टेशन पार करने के बाद जब अलीगढ़ तक पहुंची तो प्यार हो गया। पेशकश किसने की और उसे कुबूल किसने किया, ये तो पता नहीं चला, लेकिन दोनों ने ट्रेन में ही शादी करने की ठान ली। ट्रेन में सफर कर रही किसी खातून से सिंदूर मांग कर इस लड़के ने चलती ट्रेन में लड़की की मांग भर दी। इस मौके पर एक सफर करने वाले ने पंडित का किरदारनिभाते हुए इस जोड़े को आशीर्वाद दिया।

ट्रेन में शादी की खबर को किसी ने मीडिया तक पहुंचा दी। टूंडला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही मीडिया वालो ने एस-थ्री कोच में पहुंचे तो यह जोड़ा सीट के नीचे छिप गएं। मुसाफिरों ने कह दिया जोड़ा उतर गया। बाद में कुछ मुसाफिरो के कहने पर दोनो जोड़ा सीट से बाहर निकला। लेकिन उसने मीडिया वालों से बात करने से भी मना कर दिया। लड़की ने तो यह कह दिया, मैं तो पहले से शादी-शुदा हूं। कोच में बैठे मुसाफिरों ने भी इनकी अलीगढ़ के नज़दीक ट्रेन में शादी की तसदीक की।

बताया जाता है लड़का लखनऊ का है, लेकिन लड़की कहां की है और कहा जा रही थी, इसकी मालूमात नहीं हो सकी। हालाकि मुसाफिरों ने बताया कि लड़की किसी शादी तकरीब से लौट रही थी।

हालांकि इस रिश्ते में कुछ देर के लिए पुलिस विलेन बन गई। टूंडला पर ट्रेन पहुंची तो पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी। बताते हैं कि लड़की ने लड़के के साथ जाने की जिद की। वहीं लड़के ने कहा कि लखनऊ में रहने वाले उसके घर वाले इस रिश्ते को कुबूल कर लेंगे। उन्होंने सोचा भी नहीं था कि यह सफर उनके लिए जिंदगी भर का सफर बन जाएगा।