चायवाला कैसे बना करोड़पति? कांग्रेस ने BJP के नए अध्यक्ष से पूछा

लखनऊ : कांग्रेसियों ने सोमवार को सिविल लाइंस सुभाष चौराहे पर एक बैनर लगाकर भाजपा के खेमे में खलबली मचा दी है। चाय बेचकर पहले विधायक, फिर सांसद और अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने तक के सफर में केशव प्रसाद मौर्य करोड़पति कैसे बन गए। इस पर नया विवाद पैदा हो गया है। बैनर के जरिये प्रदेश अध्यक्ष से पूछा गया है कि चाय बेचने वाले केशव करोड़पति कैसे बन गए। इसके विरोध में भाजपाइयों ने सिविल लाइंस थाने का घेराव किया और बैनर लगाने वाले कांग्रेस नेता हसीब अहमद एवं श्रीश चंद्र दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की।

कांग्रेसियों ने सोमवार सुबह सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे पर जैसे ही विवादित बैनर लगाया, भाजपा में खलबली मच गई। बैनर में उसे लगाने वालों के साथ केशव प्रसाद मौर्य और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी की तस्वीर भी है।

बता दें कि बैनर में लिखा है, ‘चाय बेचने वाले केशव भइया रहस्य पर से पर्दा हटाओ? करोड़पति बनने का राज तो बताओ।’ इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीर के नीचे लिखा है, ’11 आपराधिक मुकदमों में विचाराधीन केशव प्रसाद।’ लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा से टिकट पाकर सांसद बने केशव प्रसाद मौर्य ने शपथपत्र में अपने और पत्नी एवं बच्चों के नाम करोड़ों की संपत्ति दिखाई थी। हालांकि यह मुद्दा तब बना, जब उन्हें भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया।