चोरी करने वाली एक गिरोह चड्डी-बनियान की सरगर्मी झारखंड में तेज, पुलिस परेशान

रांची : चोरों का एक गिरोह चड्डी -बनियान गिरोह ने पुलिस के नाक में दम कर रखा है. झारखंड की राजधानी रांची से लेकर देवघर और मधुपुर तक इस गिरोह ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. हैरान करने वाली बात यह है कि रांची के ज्वैलरी दुकान में जब इस गिरोह के चोरी की वारदात हुई तो गिरोह के सभी सदस्य चड्डी व बनियान में थे. चड्डी- बनियान के नाम से कुख्यात इस गिरोह के सभी सदस्यों की गिरफ्तारी मोबाइल लोकेशन के आधार पर रांची के पुनदाग थाना, रेल थाना मधुपुर व स्थानीय थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने प्लेटफार्म संख्या दो से दोपहर में की. गिरोह के सभी सदस्य अप आसनसोल-झाझा इएमयू ट्रेन से मधुपुर में उतर कर रुके हुए थे. इसी गिरोह के अन्य युवकों की गिरफ्तारी रांची पुलिस की दूसरी टीम ने करमाटांड़ से की. ये लोग पिछले तीन  दिनों से करमाटांड में ठहरे हुए थे. ये लगातार ट्रेन से विद्यासागर, जसीडीह व देवघर आ-जा रहे थे.
पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर सभी पर नजर रख रही थी. वहीं जामताड़ा  जिला पुलिस ने गुरुवार को करमाटांड़ ईदगाह मोड़ से चड्डीबनियान गिरोह के  40 सदस्यों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने दो दर्जन से अधिक दूसरे लोगों को  भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपितों के पास से करीब 12 लाख के जेवरात बरामद किये हैं. चड्डी बनियान गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही हजारीबाग के  डीआइजी भीम सिंह टुडी, रांची के सीनियर एसपी कुलदीप द्विवेदी भी जामताड़ा  पहुंचे. जामताड़ा एसपी डॉ जया राय व एसडीपीओ पूज्य प्रकाश के साथ दोनों वरीय पुलिस पदाधिकारी आरोपितों से पूछताछ कर रहे हैं.