रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने आज राज्य स्थापना दिवस पर गिरफ्तारी देकर राज्य शासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। कांग्रेस ने दावा किया कि आज लगभग डेढ़ लाख कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने आज यहां बताया कि कांग्रेस के जेल भरो आंदोलन में राज्य के किसानों, आम नागरिकों और कांग्रेसजनों ने लाखों की संख्या में राज्य के छह सौ से अधिक थानों में गिरफ्तारी देकर सरकार की वादा खिलाफी और कुशासन को लेकर अपना आक्रोश प्रकट किया।
शुक्ला ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर के विभिन्न थानों में कांग्रेसजनों की गिरफ्तारी आंदोलन का नेतृत्व किया। भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिहदेव ने शहर कोतवाली में गिरफ्तारी दी जबकि सांसद छाया वर्मा, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, मो.अकबर, करूणा शुक्ला ने राजधानी रायपुर के अन्य थानों में गिरफ्तारी दी।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस की जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य भर में 144654 लोगों ने गिरफ्तारी दी है।
शुक्ला ने बताया कि कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धान खरीदी का समर्थन मूल्य 2100 रूपए तथा बोनस राशि तीन सौ रूपए प्रति क्विंटल दिये जाने, प्रत्येक राशनकार्डधारी परिवार को 35 किलो चावल देने और झीरम घाटी नक्सली हमले की सीबीआई जांच समेत 20 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राज्य प्रवास से राज्य को कुछ हासिल नहीं हुआ। प्रधानमंत्री ने राज्य की जनता को निराश किया है।
बघेल ने कहा कि राज्य के मजदूर, किसान, आम नागरिक सभी को भरोसा था कि प्रधानमंत्री राज्योत्सव के मंच से राज्य के परेशान और बदहाल लोगांे के लिये कुछ घोषणा करेंगे लेकिन उन्होंने एक बार फिर लोगों के भरोसे को तोड़ा।
(भाषा)