जम्मू-कश्मीर: बाढ़ से हालत खराब, अब तक 65 लोगों की मौत

जम्मू कश्मीर में भारी बारिश और अचानक आयी बाढ़ की वजह से मरने वालों की तादाद आज बढ़कर 20 हो गयी वहीं राजौरी जिले में एक बस के बह जाने से 45 लोगों की मौत हो जाने का का इम्कान है| अब तक यहां कुल 65 लोगों की मौत हो चुकी है| बचाव के काम में फौज लगी हुई है|

फायनेंस मिनिस्टर अब्दुल रहीम राठेर ने नायब नीफ मिनिस्टर तारा चंद के साथ श्रीनगर में कहा, ‘‘ भारी बारिश और बाढ़ के सबब रियासत में अब तक 20 लोगों की मौत हो जाने की खबर है|’’

राठेर ने आंकड़े देते हुए कहा कि कश्मीर वादी के अनंतनाग, बारामूला और बडगाम में दो दो लोगों की मौत होने की खबर है वहीं जम्मू के इलाके के पुंछ में सात, रिआसी में छह और डोडा में एक शख्स के मौत की खबर है|

उन्होंने कहा कि जम्मू इलाके के राजौरी जिले में एक बस एक नदी में अचानक आयी बाढ़ में बह गयी. बस में तकरीबन 50 लोग सवार थे जिनमें ज़्यादतर बाराती थे| उन्होंने कहा कि अब तक तीन लोगों को बचाया जा सका है और तकरीबन 45 लोगों की मौत हो जाने के इम्कान है| देर शाम तक बचाव का काम जारी था|

राठेर ने कहा कि बाढ़ में 150 घरों को नुकसान हुआ है| ‘‘ अनंतनाग जिले में 50 से ज्यादा घर बाढ की चपेट में हैं| कुलगाम जिले में 15 गांव बाढ़ मे डूब गए हैं|’’ वज़ीर ने बताया कि कुलगाम के अस्थल गांव में करीब 1,500 लोग फंसे हुए हैं और उनकी हिफाज़त के लिए कदम उठाए जा रहे हैं|