जम्मू सीमा पर पाकिस्तान ने गोलीबारी की, मिला मुंहतोड़ जवाब

जम्मू: जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे आरएस पुरा और अरनिया सेक्टरों में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा 15 से अधिक सीमा चौकियों और 29 बस्तियों पर मोर्टार बमों और स्वचालित हथियारों से रात भर की गयी भारी गोलीबारी में छह लोग घायल हो गये।

सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जम्मू जिले के आरएस पुरा और अरनिया सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा चौकियों और बस्तियों पर रात भर भारी गोलीबारी की गई और मोर्टार दागे गये, यह आज सुबह तक जारी था।’’ उन्होंने बताया कि जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अरनिया और आरएस पुरा से लगे 20 से अधिक बस्तियों पर पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी की। 15 से अधिक सीमा चौकियों को भी निशाना बनाया गया।

आज सुबह हुई गोलीबारी में आर एस पुरा की खोपरा बस्ती पट्टी में छह नागरिक घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय पक्ष की ओर रात आठ बज कर 35 मिनट पर गोलीबारी की और मोर्टार दागने शुरू किए।

(भाषा)