जहाज में बम की इत्तिला से हड़कंप

रांची से उड़ान भरनेवाले एक जहाज में बम होने की इत्तिला से पीर को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट और दिल्ली एयरपोर्ट पर घंटों अफरा-तफरी रही। एक मुसाफिर ने जहाज छूटने के बाद यह अफवाह फैलाई। सीआइएसएफ ने मुल्ज़िम को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया है। दिल्ली में जैसे ही जहाज उतरा वहां मुसाफिरों की तलाशी ली गई।

क्या था मामला : पुलिस के मुताबिक रांची से एयर इंडिया का जहाज आईसी 810 दिन में करीब 3:20 बजे दिल्ली के लिए उड़ा । इसके कुछ ही देर बाद मुंबई वाकेय कॉल सेंटर को इत्तिला मिली कि जहाज में बम है। इसके बाद रांची एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने छानबीन शुरू की। जहाज में बम होने की इत्तिला रांची से ही दी गई थी। इस बुनियाद पर जवानों ने एयरपोर्ट पर मौजूद नरेंद्र अचरेकर समेत कुछ दीगर मुसाफिरों से पूछताछ की। उनसे मिली जानकारी के बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया।

जहाज रोकने के लिए बम की इत्तिला दी

एयरपोर्ट ज़राये के मुताबिक नरेन्द्र अचरेकर समेत सात मुसाफिर देर से एयरपोर्ट आए थे। उन्हें मुंबई जाना था। चेकिंग काउंटर बंद हो चुका था। अफसरों ने उन्हें बताया कि सिक्यूरिटी जांच हो चुकी है। वह अब इस जहाज से सफर नहीं कर सकते। उनके लिए जहाज नहीं रुक सकता। उसके बाद ही बम की अफवाह फैली।

दिल्ली में मुसाफिर हुए परेशान

एक मुसाफिर के अहले खाना हरेन्द्र सिंह ने बताया कि जहाज़ में बम होने की इत्तिला के बाद दिल्ली में मुसाफिरों को काफी परेशानी हुई। वहां जहाज के महफूज लैंड करने के बाद उसे रनवे के बगल में एप्रन से दूर खड़ा कर दिया गया। तमाम मुसाफिर को बस में बिठाकर रोक लिया गया। दिल्ली में जहाज पौने पांच बजे उतरा। इसके बाद मुसाफिरों को बस में घंटों बैठे रहना पड़ा। इस दौरान कई मुसाफिरों के कनेक्टिंग फ्लाइट भी छूट गई।