जानिए, न्यूक्लियर के मामले में ईरान की क्या है खास उपलब्धि?

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने परमाणु तकनीक के 13वें राष्ट्रीय दिवस पर परमाणु के क्षेत्र में ईरान की 114 उपलब्धियों का लोकार्पण किया।

पार्स टुडे डॉट कॉम के अनुसार, ईरान में 9 अप्रैल को, देश के परमाणु वैज्ञानिकों के प्रयासों की सराहना और परमाणु ईंधन चक्र के पूरे होने की याद में, परमाणु तकनीक का राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है।

इसी मध्य राष्ट्रपति डॅाक्टर हसन रूहानी ने मंगलवार को तेरहवें परमाणु तकनीक के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 20 आधुनिक सेन्ट्रीफ्यूज मशीनों आईआर-6 की स्थापना, ईरान के अंतरिक्ष विज्ञान केन्द्र के पहले चरण के उद्धाटन जैसे कई परियोजनाओं का वीडियो कान्फ्रेंसिंग द्वारा लोकार्पण किया। इसी प्रकार से अन्य परियोजनाओं का भी, राष्ट्रपति, कुछ मंत्रियों और सिविल व सैन्य अधिकारियों की उपस्थिति में लोकार्पण हुआ।

हालिया वर्षों में ईरान के परमाणु उद्योग में असाधारण रूप से विकास हुआ और यही वजह है कि हर परमाणु तकनीक के राष्ट्रीय दिवस पर जनता के सामने पेश की जाने वाली परमाणु उपलब्धियों की संख्या में वृद्धि हो रही है।