जानिये कैसे होती है आतंकी ठिकानों में सर्जिकल स्ट्राइक

नई दिल्ली: भारतीय सेना ने दावा किया कि पाकिस्तानी आतंकियों को पीओके में घुसकर उन्हें तबाह कर दिया है। रात के 12:30 से 4:30 तक चले सर्जिकल सट्राइक में भारतीय सेना ने 8 आतंकी ठिकानों को तबाह किया, जबकि 30 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया है। सेना के इस सर्जिकल स्ट्राइक में दो पाकिस्तानी जवान भी मारे गए हैं। आइए जानते हैं क्या है सर्जिकल स्ट्राइक और किसे कैसे अंजाम दिया जाता है?

क्या है सर्जिकल स्ट्राइक?

किसी भी सीमित क्षेत्र में जब सेना अपने दुश्मनों और आतंकियों के ठिकानों को नुकसान पहुंचाने और मार गिराने के लिए जो कार्रवाई करती है, उसे सर्जिकल स्ट्राइक कहते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक जहां भी किया जाता है, सबसे पहले उसकी पुख्ता जानकारी इकट्ठा की जाती है। जानकारी मिलने के बाद सर्जिकल स्ट्राइक करने के लिए समय तय किया जाता है। सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी बेहद गोपनीय रखी जाती है और इसकी सूचना सिर्फ कुछ चुनिंदा लोगों को ही दी जाती है।

कैसे होता है सर्जिकल स्ट्राइक?

जब सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देते हैं तो सबसे खास ध्यान इस बात का दिया जाता है कि जिस जगह दुश्मन या फिर आतंकी छिपे हैं, सिर्फ उसी जगह को निशाना बनाया जाए। सर्जिकल स्ट्राइक में बाकी लोगों या फिर नागरिकों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया जाता है। गौरतलब है कि बीती रात हुए भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक में आतंकी कैंपों को ही निशाना बनाया गया है। भारतीय सेना के स्पेशल कमांडोंज ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है।