जापान की संसद के उच्च सदन के लिए हुए चुनाव में प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे की पार्टी ने जीत का दावा किया है। प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे ने कहा है कि देश की जनता ने उनकी आर्थिक नीतियों का समर्थन किया है।
एक्ज़िट पोल के मुताबिक़ उनकी पार्टी 121 सीटों में से अधिकतर जीत लेगी। इससे सदन में शिंज़ों आबे का बहुमत मज़बूत हो जाएगा। यदि आबे दो-तिहाई बहुमत सुनिश्चित कर लेते हैं तो संसद के दोनों सदने में उनके पास दो-तिहाई बहुमत हो जाएगा।
ऐसा होने पर वो देश के शांतिवादी संविधान में संशोधन कर सकेंगे। हालांकि आबे का कहना है कि अभी इस विवादित संशोधन के बारे में बात करना जल्दबाज़ी होगी।
जापान की संसद के उच्च सदन में 242 सीटें हैं जिनमें से 121 पर मतदान हुआ है। जापान की राष्ट्रीय प्रसारण सेवा एनएचके का कहना है कि प्रधनमंत्री की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एल डी पी) 67-76 तक सीटें जीत सकती है।
सदन की बाक़ी आधी सीटों में से आबे की पार्टी पहले से ही 77 पर क़ाबिज़ है। प्रधानमंत्री आबे ने अपनी आर्थिक नीतियों को आधार बनाकर वोट मांगे थे। टोकयो में इन चुनावों में संविधान संसोधन भी अहम मुद्दा रहा है।