जैसे शहर से गीदड़ भगाया जाता है वैसे ही UP से भाजपा को भगायेंगे: लालू प्रसाद यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के रजत जयंती प्रोग्राम में शामिल होने आये राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भाजपा पर सीधा निशाना साधा और कहा कि जैसे शहर से गीदड़ भगाते हैं वैसे ही बीजेपी को भी उत्तर प्रदेश से भगा देंगे.

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को कुचलने में लगी है.

समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौडा, राजद प्रमुख लालू प्रसाद, रालोद प्रमुख अजित सिंह, जदयू नेता शरद यादव, इनेलोद नेता अभय चौटाला और प्रख्यात वकील राम जेठमलानी शामिल हुए।

सपा कार्यकर्ताओं की जोरदार नारेबाजी के बीच सभी नेता एक एक कर मंच पर पहुंचे। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव सबसे अंत में आये। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी सांसद पत्नी डिंपल यादव के साथ मंच पर मौजूद थे। सपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने सबका स्वागत किया।

समारोह में आये पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौडा से जब महागठबंधन की संभावना के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, गुजरात और पंजाब के चुनावों के बाद ऐसे हालात शायद पैदा हों। फिलहाल हम यहां सपा के आमंत्रण पर रजत जयंती समारोह में हिस्सा लेने आये हैं।

जदयू नेता शरद यादव ने कहा कि सपा से पुराने रिश्ते हैं इसलिए यहां समारोह में हिस्सा लेने आये हैं।

उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। इस पर मुलायम सिंह यादव बेहतर बता सकते हैं क्योंकि यहां सपा बड़ी पार्टी है।

समारोह का आयोजन राजधानी के जनेश्वर मिश्र पार्क में किया गया। समारोह की तैयारियों की कमान स्वयं शिवपाल ने संभाल रखी थी।

(एजेंसियों से इनपुट लिया गया है)