जौहर विश्विद्यालय को शत्रु संपत्ति मामले में मिला नोटिस

मुरादाबाद। मुहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति को लेकर प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। उप जिलाधिकारी सदर प्रेम प्रकाश तिवारी ने यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार को भेजे नोटिस में कहा है कि यूनिवर्सिटी के अंदर 35 एकड़ शत्रु संपत्ति है।

नोटिस में उन्होंने जमीन कब्जाने का कारण पूछने के साथ ही उसे खाली करने की बात कही है।

जौहर यूनिवर्सिटी के संस्थापक आजम खां हैं, जो समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं। साथ ही इस बार लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी भी हैं। प्रशासनिक अधिकारियों और आजम के बीच छत्तीस का आंकड़ा बना हुआ है। एक माह में आजम के खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज हुए हैं।

आजम अधिकारियों पर अपनी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा चुके हैं। उनकी पत्नी ने भी दो दिन पहले अफसरों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था, जबकि उप जिलाधिकारी सदर समेत अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता और नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर आजम से जान का खतरा जता चुके हैं।

जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी गेस्ट हाउस भी हैं, जिसका रास्ता खुलवाने के लिए प्रशासन ने चुनाव से पहले दीवार भी तुड़वा दी थी। इसे लेकर भी आजम ने आपत्ति जताई थी। अब शत्रु संपत्ति को लेकर नोटिस देकर प्रशासन ने आजम पर शिकंजा और कस दिया है।