नई दिल्ली : एयर इंडिया ने ज्यादा वजन होने की वजह से अपने 57 क्रू मेंबर्स, जिनमें ज्यादातर एयर होस्टेस शामिल हैं को ग्राउंड ड्यूटी पर लगा दिया है| वजन नहीं घटा पाने वाले क्रू मेंबर्स की ग्राउंड ड्यूटी पर्मानेंट कर दी जाएगी |
टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक सीनियर एयर इंडिया अधिकारी के हवाले से लिखा, ‘इन क्रू मेंबर्स का वजन नियमों से ज्यादा था। इन्हें डेडलाइन दी गई थी और अपना वजन कम करने के लिए कहा गया था। लेकिन जब वे अपना वजन कम नहीं कर सके तो पिछले महीने उन्हें ग्राउंड ड्यूटी पर लगा दिया गया।’ हर महीने मिलने वाला 35 से 50 हजार रुपए फ्लाइट भत्ता ग्राउंड ड्यूटी लगने की वजह से नहीं मिल पाता है |
करीब दो साल पहले डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने केबिन क्रू के वजन, नजर और सुनने की क्षमता को लेकर कड़े नियम बनाए थे| डीजीसीए के नियमों के मुताबिक, ‘अगर कोई क्रू मेंबर का बीएमआई (बॉडी मास इंडेक्स) नियमों के मुताबिक नहीं पाया जाता है, उसकी जांच करवाई जाएगी। इसके साथ ही वजन घटाने के लिए क्रू मेंबर को तीन महीने का वक़्त दिया जाता है। वजन घटाने में सफल नहीं होने वाले क्रू मेंबर्स को केबिन क्रू ड्यूटी के लिए अस्थाई तौर पर अनफिट करार दिया जाएगा|
इसके साथ ही कहा गया है कि अगर कोई क्रू मेंबर मोटा पाया जाता है, उसकी जांच की जाती है| उसे छह महीने के लिए केबिन क्रू ड्यूटी के लिए अस्थाई तौर पर अनफिट करार दिया जाता है। छह महीने के बाद उसकी फिर जांच की जाती है। अगर वे अपने शरीर को नियमों को मुताबिक ढाल लेता है तो उसे क्रू ड्यूटी के लिए फिट करार दिया जाता है। बता दें, एयर इंडिया पहले भी ऐसी कार्रवाई करके अपने क्रू मेंबर्स को फिट रखने की कोशिश करता रहा है।
जिन क्रू मेंबर्स का वजन ज़्यादा था उनको छह महीने के लिए अस्थाई तौर पर अनफिट कर दिया गया है| अगर वे अपने शरीर को 18 महीने में नियमों के हिसाब से नहीं ढाल पाते हैं तो उन्हें स्थाई तौर पर अनफिट करार दिया जाएगा|