रांची। कांग्रेस की झारखंड इकाई का नया अध्यक्ष डॉ अजय कुमार को बनाया गया है। अजय कुमार इससे पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता की भूमिका में थे।
राजनीति में एक दशक भी नहीं पूरा करने वाले अजय कुमार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेवारी सौंपी है, जहां उन्हें पार्टी को राज्य में सक्रिय क्षेत्रीय दलों के सहयोगी दल की भूमिका से विपक्ष की राजनीति के केंद्र में लाने के लिए जूझना होगा।
अजय कुमार ने यूं तो अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा से शुरू की थी और इसके टिकट पर जमशेदपुर से 2011 में सांसद चुने गये थे। बाद में वे कांग्रेस में शामिल हो गये।