रांची: झारखंड की दारुल हुकूमत राँची में जुमे के रोज़ देर रात एक इलाके में गाय का गोश्त फेंके जाने के बाद फिर्कावाराना तनाव फैल गया। आगजनी और तोडफोड के अलावा भीड ने पुलिस के एक जवान पर तलवार से हमला कर दिया।
पथराव में कुछ मीडिया मुलाज़्मीन और पुलिसवाले ज़ख्मी हो गए। लोगों का गुस्सा हफ्ते के रोज़ भी कम नहीं हुआ और लोगों ने सडकों पर उतरकर मुज़ाहिरा किया। सडक पर टायर जलाए। एसपी सिटी की गाडी के शीशे तोड डाले। हालात इतने बिगड गए कि सीएम रघुबरदास को सडकों पर निकलना पडा।
वज़ीर ए आला लोगों से मिले और अमन बनाए रखने की अपील की। झारखंड के डीजीपी भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बात करके उन्हें समझाने की कोशिश की। 60 से ज़्यादा लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
जुमे की रात रांची के डोरंडा इलाके में मुबय्यना तौर पर गोमांस पडा हुआ मिला। इसके बाद कुछ नौजवानों ने सडक पर आगजनी की। पुलिसवालों पर पत्थर भी फेंके गए। वाकिया को कवर रहे एक मुकामी न्यूज चैनल के कैमरापर्सन का सिर फूट गया।
एक दूसरा कैमरामैन भी ज़ख्मी हो गया। इसके बाद, पुलिसवालों ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड दिया। हफ्ते की सुबह भी इलाके में सैकडों लोग जमा हो गए। कुछ हिंदू तंज़ीम के लोग भी पहुंच गए। इलाके की दुकानें बंद करा दी गईं। हालात के मद्देनजर पुलिस ने रांची जिले में दफा144 लगा दी है। रांची के डीआईजी अरूण कुमार की कियादत में मौके पर ज़्यादा तादाद में पुलिस तैनात हैं।
इलाके में सीआरपीएफ की तीन और बीएसएफ की एक कंपनी को तैनात किया गया है।